कवर्धा। पंडरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत नेउरगांव में महिला सरपंच से जुड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को गांव के दूसरे पक्ष के लोग बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुंचे और महिला सरपंच व उनके पति पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान सरपंच द्वारा पूर्व सरपंच के कार्यों की राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। साथ ही करीब 15 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाकर पूर्व सरपंच के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि महिला सरपंच और उनके पति राहुल चंद्राकार गांव वालों को बार-बार एट्रोसिटी एक्ट में फंसाने की धमकी देते हैं। इस संबंध में पहले भी शिकायत की जा चुकी है।
मारपीट की घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि पहले सरपंच और उनके पति द्वारा गांव वालों के साथ विवाद और मारपीट की गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराने की कोशिश की।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की शिकायत एसपी कार्यालय में कर महिला सरपंच और उनके पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।





