May 13, 2026

रायपुर में बम बनाने की सामग्री मिलने के मामले में आरोपी विनय देवांगन गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रावाभाठा इलाके में बम बनाने की सामग्री मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विनय देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को रावाभाठा क्षेत्र में एक संदिग्ध बैग मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में बम निरोधक दस्ते ने बैग से लो-इंटेंसिटी विस्फोटक सामग्री और बम निर्माण में उपयोग होने वाले संदिग्ध उपकरण बरामद होने की पुष्टि की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट्स के आधार पर जांच तेज कर दी।

लगातार जांच के बाद पुलिस ने आरोपी विनय देवांगन को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल खमतराई इलाके में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

घटना के बाद रावाभाठा और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया था। एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।