शराब सप्लाई का पम्पलेट वायरल, पुलिस ने बताया भ्रामक
डोंगरगढ़ शहर में एक पम्पलेट वायरल होने से हड़कंप मच गया, जिसमें 24 घंटे शराब उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। पम्पलेट में कुछ होटलों और व्यक्तियों के नाम के साथ पुलिस संरक्षण का भी जिक्र किया गया था। हालांकि पुलिस ने इसे पूरी तरह भ्रामक और आधारहीन बताते हुए खारिज कर दिया है।
कोचियों का प्रचार बताया, जांच के आदेश
डोंगरगढ़ पुलिस के अनुसार यह पम्पलेट शराब कोचियों द्वारा अपने अवैध कारोबार को बढ़ावा देने के लिए फैलाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है।
लगातार कार्रवाई का दावा, कई आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक महीने में डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में आबकारी अधिनियम के तहत 42 प्रकरण दर्ज कर 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जिलेभर में 125 केस, 147 आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव जिले में भी पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 125 प्रकरण दर्ज किए हैं, जिसमें 147 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और करीब 305 लीटर शराब जब्त की गई है।
नामजद लोगों पर भी हुई कार्रवाई
वायरल पम्पलेट में जिन लोगों के नाम सामने आए थे, उनके खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की है। डोमेन्द्र साहू और मोहित यादव के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1,08,760 रुपए की शराब और अन्य सामग्री जब्त की गई है। वहीं स्वरूप सिंह उर्फ रिम्पी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।






