रायपुर। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ में विवाद गहरा गया है। वीडियो में हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में कथित आपत्तिजनक और भ्रामक दावे किए जाने का आरोप है। इसे लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में ईसा मसीह को हिंदू देवी-देवताओं से ऊपर बताया गया है और भगवान शिव तथा भगवान विष्णु को लेकर भी कथित विवादित टिप्पणियां की गई हैं। हिंदू संगठनों का आरोप है कि इस तरह की सामग्री धार्मिक भावनाओं को आहत करने और समाज में भ्रम व वैमनस्य फैलाने का प्रयास है।
संगठनों ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके लिए जल्द ही पुलिस में औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई जाएगी।
पीठाधीश्वर ने दी चेतावनी
श्री सुरेश्वर महादेव पीठ रायपुर के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी राजेश्वरानंद ने कहा कि यदि किसी ने जानबूझकर धार्मिक भावनाएं भड़काने या समाज में तनाव पैदा करने के उद्देश्य से ऐसा वीडियो प्रसारित किया है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्थाओं के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नोट: वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर शिकायत और जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।





