September 4, 2026

रायपुर में एजुकेशन एकेडमी में लाखों की चोरी का खुलासा, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित व्हीआर एजुकेशन एकेडमी में ताला तोड़कर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद दोनों आरोपी ट्रेन से उज्जैन भागने की फिराक में थे, लेकिन आरपीएफ भिलाई और बैतूल पुलिस की मदद से उन्हें मध्यप्रदेश के बैतूल में पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 4 लाख 97 हजार 500 रुपये की नगदी बरामद की गई है।

ताला तोड़कर एकेडमी में घुसे थे आरोपी

मामला बीरगांव कैलाश नगर स्थित व्हीआर एजुकेशन एकेडमी का है। एकेडमी संचालक प्रगति वर्मा ने पुलिस को बताया कि 31 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि करीब 12:06 बजे से 12:48 बजे के बीच अज्ञात आरोपी ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी के लॉकर में रखी नगदी चोरी कर फरार हो गए।

शिकायत के बाद उरला थाना पुलिस ने BNS की धारा 331(4), 305 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से मिली अहम जानकारी

चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही एकेडमी से जुड़े लोगों से पूछताछ की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को आरोपियों के ट्रेन से उज्जैन की ओर भागने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आरपीएफ भिलाई और बैतूल पुलिस से संपर्क किया।

बैतूल में पकड़े गए दोनों आरोपी

पुलिस की सूचना पर दोनों आरोपियों को मध्यप्रदेश के बैतूल में हिरासत में लिया गया। इसके बाद उन्हें रायपुर लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने व्हीआर एजुकेशन एकेडमी में चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पूरी 4,97,500 रुपये की नगदी बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चित्रांश सेन (18 वर्ष), निवासी खमतराई क्षेत्र और फिरोज साहू (19 वर्ष), निवासी कैलाश नगर बीरगांव के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी चित्रांश सेन के खिलाफ वर्ष 2022 में खमतराई थाने में दो अपराध दर्ज हो चुके हैं। इनमें मारपीट और मोटरसाइकिल चोरी का मामला शामिल है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।