नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में बड़े बदलाव की चर्चा के बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को नई और अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI लक्ष्मण को ‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ नियुक्त करने पर विचार कर रहा है।
अगर यह नियुक्ति होती है, तो बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के प्रमुख के तौर पर लक्ष्मण की मौजूदा जिम्मेदारियों का दायरा और बढ़ सकता है।
BCCI की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं
लक्ष्मण की संभावित नियुक्ति और ‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ पद की जिम्मेदारियों को लेकर BCCI की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह खबर ऐसे समय सामने आई है, जब सितंबर में बोर्ड के क्रिकेट ऑपरेशन्स में संभावित फेरबदल को लेकर चर्चाएं चल रही हैं।
लक्ष्मण वर्तमान में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख हैं। इसे पहले नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) के नाम से जाना जाता था। साल 2021 में राहुल द्रविड़ के भारतीय टीम के मुख्य कोच बनने के बाद लक्ष्मण ने NCA प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली थी।
खिलाड़ियों के विकास में अहम भूमिका निभा रहा CoE
पिछले कुछ वर्षों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को हाई-परफॉर्मेंस क्रिकेट का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया गया है। यहां खिलाड़ियों के विकास, हाई-परफॉर्मेंस प्रोग्राम, फिटनेस और रिहैबिलिटेशन समेत कई महत्वपूर्ण गतिविधियां संचालित होती हैं।
लक्ष्मण का CoE के साथ मौजूदा कार्यकाल 2026 तक बढ़ाया गया था। नई भूमिका मिलने की स्थिति में क्रिकेट से जुड़े संचालन में उनका प्रभाव और जिम्मेदारी दोनों बढ़ सकते हैं।
भारत के हेड कोच बनने का मौका ठुकरा चुके हैं लक्ष्मण
इस महीने की शुरुआत में लक्ष्मण ने बताया था कि राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के बाद उन्होंने भारतीय टीम का हेड कोच बनने का मौका ठुकरा दिया था। उन्होंने इसके पीछे निजी कारणों के साथ-साथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता को वजह बताया था।
लक्ष्मण के मुताबिक, वह CoE के स्ट्रक्चर, प्रोसेस और प्रोटोकॉल को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसे में अब उन्हें BCCI में ‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ जैसी बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा ने क्रिकेट जगत में हलचल बढ़ा दी है।





