May 19, 2026

रायपुर के शहर काजी आरिफ अली अजहरी पद से हटाए गए, आपत्तिजनक आचरण के आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर काजी आरिफ अली अजहरी को उनके पद से हटा दिया है। इस संबंध में वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने आदेश जारी किया है।

बताया जा रहा है कि आरिफ अली अजहरी को उनके पिता के निधन के बाद शहर काजी के पद पर नियुक्त किया गया था। हाल ही में उनके खिलाफ आपत्तिजनक आचरण को लेकर शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, 31 मार्च को शहर के प्रमुख मौलानाओं की एक बड़े मदरसे में बैठक हुई थी, जिसमें सर्वसम्मति से उन्हें पद से हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस प्रस्ताव की प्रति वक्फ बोर्ड को सौंपी गई थी।

मामले की जांच के बाद वक्फ बोर्ड ने दो दिनों के भीतर कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया।

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने बताया कि काजी की कथित अशोभनीय हरकतों के चलते समाज के प्रमुखों की अनुशंसा पर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से समाज की छवि प्रभावित हुई है।

वक्फ बोर्ड ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही नए शहर काजी की नियुक्ति की जाएगी।