कोलकाता। Election Commission of India ने गड़बड़ी की शिकायतों के बाद पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर दोबारा मतदान (री-पोलिंग) का आदेश दिया है। यह मतदान 2 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा।
आयोग के अनुसार, दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर री-पोलिंग होगी। डायमंड हार्बर के बूथ नंबर 117, 179, 194 और 243, जबकि मगराहाट वेस्ट के बूथ नंबर 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232 को शामिल किया गया है।
यह निर्णय विशेष चुनाव पर्यवेक्षक और संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। आयोग ने बताया कि 29 अप्रैल को हुई वोटिंग के दौरान इन बूथों पर गड़बड़ी की पुष्टि हुई थी, जिसके चलते रिप्रेजेंटेशन ऑफ द पीपल एक्ट, 1951 की धारा 58(2) के तहत मतदान रद्द कर दोबारा मतदान का आदेश दिया गया है।
हालांकि, फलता क्षेत्र में ईवीएम से छेड़छाड़ (टेप लगाने) के आरोपों पर आयोग ने अभी कोई फैसला नहीं लिया है।
आयोग ने निर्देश दिया है कि री-पोलिंग पूरी पारदर्शिता और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच कराई जाए, ताकि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो सके।





