धमतरी। धमतरी जिले में विधवा पेंशन योजना की राशि लंबे समय से खातों में नहीं पहुंचने से वृद्ध महिलाओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशन भुगतान में हो रही देरी के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में वृद्ध महिलाएं पूर्व विधायक लेखराम साहू के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं और प्रशासन से जल्द राशि जारी करने की मांग की।
महिलाओं ने बताया कि कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने के कारण दवा, राशन और अन्य जरूरी खर्चों का प्रबंधन करना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि पेंशन ही उनकी आय का प्रमुख साधन है, जिसके बंद होने से रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना कठिन हो गया है।
पूर्व विधायक लेखराम साहू ने आरोप लगाया कि जिले की कई पात्र महिलाओं को पिछले छह महीनों से पेंशन नहीं मिली है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी।
वहीं, कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि ई-केवाईसी प्रक्रिया के दौरान बायोमेट्रिक और आधार से जुड़ी कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का जल्द निराकरण कर पेंशन राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।





