बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां पति की करंट लगने से हुई मौत के सदमे में पत्नी ने आत्महत्या कर ली। महिला का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट की शादी चार साल पहले सुनीता बाई केंवट से हुई थी। बीते 17 मई को रामनारायण घर में टुल्लू पंप चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पति की मौत के बाद सुनीता गहरे सदमे में थी। परिजनों के अनुसार वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रही थी। मंगलवार देर रात उसने घर के कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे नीचे उतारकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद मामले की सूचना पचपेड़ी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।





