बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई है. महिला कबीरधाम जिले के पांडातराई क्षेत्र की रहने वाली है, जो करीब सात दिन पहले इलाज के बहाने मायके बिलासपुर जाने के लिए निकली थी, लेकिन अब तक वहां नहीं पहुंची. घटना के बाद से परिजन परेशान हैं और महिला व बच्चों की तलाश जारी है.
पांडातराई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 निवासी बिसेन कार्निक पिता राजेन्द्र कार्निक (34) ने अपनी पत्नी पुष्पनंदनी कार्निक (26) और तीन बच्चों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है. पति ने पुलिस को बताया कि 2 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे उसकी पत्नी तबीयत खराब होने की बात कहकर बच्चों के साथ शारदा बस से मायके बिलासपुर रवाना हुई थी.
शाम करीब 6 बजे संपर्क करने पर पत्नी के दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले. इसके बाद मायके पक्ष से जानकारी ली गई, जहां पता चला कि पुष्पनंदनी वहां पहुंची ही नहीं है. परिजनों ने रातभर रिश्तेदारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
अगले दिन बस चालक से पूछताछ करने पर उसने बताया कि महिला और बच्चों को महाराणा प्रताप चौक, बिलासपुर में उतारा गया था. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है.
पति का पुलिस पर आरोप
लापता महिला के पति का आरोप है कि पुलिस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है. उसने कहा कि पत्नी और बच्चों की तलाश में तेजी नहीं लाई जा रही है. पीड़ित परिवार ने पुलिस और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.





