रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित कार्यालय में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा के नेतृत्व में महिला प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान महिला प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र और पारित शासकीय संकल्प के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इससे महिला सशक्तिकरण को और गति मिलेगी और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी भागीदारी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन जैसी पहल समाज में समानता और न्याय के नए आयाम स्थापित करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की महिलाएं विकास यात्रा की महत्वपूर्ण सहभागी हैं और उनके सशक्तिकरण के बिना समग्र विकास संभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।





