
रायपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में साइक्लिंग प्रेमियों ने फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर स्पोर्ट्स एंथूज़ियास्ट एसोसिएशन और द बाइसिकल कैफे के संयुक्त तत्वावधान में भव्य साइकिल राइड का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करना और साइक्लिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के प्रति जागरूक करना था। साइकिल राइड के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
द बाइसिकल कैफे के संचालक राघवेंद्र और स्पोर्ट्स एंथूज़ियास्ट एसोसिएशन के सचिव नीलेश कटारिया ने साइक्लिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक खेल या शौक नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में प्रभावी कदम है। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग शरीर को फिट रखने, हृदय को मजबूत बनाने और मानसिक तनाव कम करने में सहायक है। साथ ही यह पर्यावरण के अनुकूल और प्रदूषण-मुक्त परिवहन का बेहतर विकल्प भी है।
इस अवसर पर SEA के अध्यक्ष समीर सिंह ने भी लोगों से नियमित रूप से साइक्लिंग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग से व्यक्तिगत स्वास्थ्य बेहतर होता है और स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
कार्यक्रम का संचालन SEA की प्रवक्ता लिपि जैन ने किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके। विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित यह राइड लोगों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने का सार्थक प्रयास साबित हुई।





