March 3, 2026

“WPL 2026 फाइनल: दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात को हराया, RCB से भिड़ने को तैयार”

वडोदरा में 5 फरवरी को होने वाले WPL 2026 के फाइनल मुकाबले में रोमांच चरम पर होगा, क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स पहली बार खिताबी ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगे। RCB ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे फाइनल में जगह बनाई है, वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली ने हर विभाग में गुजरात पर दबदबा बनाए रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स केवल 168 रन ही बना सकी, जिसमें बेथ मूनी का संघर्षपूर्ण अर्धशतक शामिल था। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत तेजतर्रार रही। शेफाली वर्मा और लिजेल ली ने बल्लेबाजी में आक्रमक रुख अपनाते हुए टीम को मजबूती दी। कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज ने संयमित खेल दिखाते हुए टीम को जीत की राह पर बनाए रखा और दिल्ली ने लक्ष्य 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

RCB की कप्तान स्मृति मंधाना और दिल्ली की जेमिमा रोड्रिग्ज दोनों ही कप्तान इस सीजन अपनी टीमों के लिए प्रेरणा का स्रोत रही हैं। RCB 2024 में WPL का खिताब जीत चुकी है और इस बार दूसरी बार चैंपियन बनने की तैयारी में है। दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथे फाइनल में पहुंची है, लेकिन अभी तक खिताब अपने नाम नहीं कर पाई है। इस बार उनके लिए यह इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है, क्योंकि दोनों टीमें संतुलित हैं और इस सीजन बेहतरीन प्रदर्शन किया है। फैंस को उम्मीद है कि यह मुकाबला अनुभव, आत्मविश्वास और आक्रामक खेल का संगम देखने को मिलेगा। अब यह देखना बाकी है कि खिताबी ट्रॉफी RCB की अनुभवी टीम के हाथों जाएगी या दिल्ली कैपिटल्स अपने लंबे इंतजार को खत्म कर पहली बार चैंपियन बनेगी।