Mahasamund News Update : महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामखेड़ा झारा नाला के पास रेत में दबी एक अज्ञात युवती की लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव का आधा हिस्सा रेत के बाहर और आधा हिस्सा रेत में दबा हुआ मिला, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने नाला किनारे रेत में शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस ने पाया कि युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेत में दबा हुआ था। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
दो दिन पुराना हो सकता है शव
प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। घटनास्थल से पुलिस ने युवती की चप्पल और बालों का गुच्छा भी बरामद किया है। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
शिनाख्त में जुटी पुलिस
फिलहाल मृत युवती की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है और युवती की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।





