रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक युवती इलाके में लगे ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ गई। युवती करीब 40 मिनट तक होर्डिंग पर बैठी रही, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। युवती को नीचे उतारने के लिए करीब 35 फीट ऊंचाई तक सीढ़ी लगाई गई। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर नीचे बड़ी जाली भी बिछाई गई थी। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जबकि पुलिस व्यवस्था बनाए रखने में लगी रही।
काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई। प्रारंभिक तौर पर युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी।
युवती ने बातचीत में बताया कि उसे कोई विशेष परेशानी नहीं थी और होर्डिंग पर चढ़ने की कोई खास वजह भी नहीं थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





