बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा स्थित गणेश नगर में मंगलवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गली के बीचों-बीच शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह मोहल्ले के लोग जब घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली में युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने शव के पास से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर बरामद किए हैं। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने इन्हीं भारी पत्थरों से वार कर युवक की हत्या की है।
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे शराब के नशे में हुए आपसी विवाद की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो पाएगी।





