रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य के आठ प्रतिभाशाली युवाओं एवं धमतरी जिले की युवा स्टार सेवा समिति, खुरतुली को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया। यह सम्मान खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित युवा रत्न सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह में सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया।
स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री साय ने स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती पर उनके रायपुर प्रवास का स्मरण करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने मात्र 31 वर्ष की आयु में भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और सभ्यता को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा को पोषित, पल्लवित और प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलने, दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम, समर्पण और संकल्प के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत की सांस्कृतिक शक्ति का परचम पूरी दुनिया में फहराया। आज करोड़ों युवा उनसे प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवा रत्न सम्मान के लिए प्राप्त आवेदनों से यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने पहली बार 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं द्वारा व्यक्तिगत क्षमता विकास और समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देते हुए युवा रत्न सम्मान की शुरुआत की है।
प्रतिभाशाली युवाओं का चयन चुनौतीपूर्ण रहा : सचिव यशवंत कुमार
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने स्वागत भाषण में कहा कि युवा रत्न सम्मान के लिए राज्यभर से बड़ी संख्या में योग्य युवाओं के आवेदन प्राप्त हुए थे। विभिन्न क्षेत्रों से एक-एक प्रतिभा का चयन करना कठिन कार्य था। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं और उनके कार्यों को रेखांकित करने के उद्देश्य से यह सम्मान प्रारंभ किया गया है।
इन युवाओं को मिला छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान
राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निम्न प्रतिभाओं को सम्मानित किया—
- पीयूष जायसवाल (बेमेतरा) – एस्ट्रोफिजिक्स में सबसे कम उम्र के वैज्ञानिक एवं पीएचडी छात्र, NASO ओलंपियाड में स्वर्ण पदक
- शिल्पा साहू (कांकेर) – सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य
- अमित यादव (सरगुजा) – साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
- मृणाल विदानी (महासमुंद) – नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य
- परिधि शर्मा (दुर्ग) – शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान
- संजू देवी (बिलासपुर) – अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी (खेल)
- सचिन कुनहरे (कवर्धा) – कला एवं संस्कृति
- आरू साहू – लोककला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य
इसके साथ ही धमतरी जिले के खुरतुली की युवा स्टार सेवा समिति को स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला उत्थान, सामाजिक जागरूकता, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता एवं जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवा कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उप संचालक रश्मि ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।





