July 29, 2026

दो पत्नियों को साथ रखने की जिद में हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा युवक, गांव में मचा हड़कंप

धमतरी। जिले के भेंड्रा गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर युवक पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, भेंड्रा निवासी यादराम साहू एक दिन पहले भी टॉवर पर चढ़कर घंटों तक ड्रामा करता रहा था। शुक्रवार को वह फिर उसी हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण युवक से बातचीत करने में काफी परेशानी हो रही है। सूचना मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं और उसे समझाइश देकर नीचे उतारने की कोशिश लगातार जारी है। गुरुवार को भी युवक टॉवर पर चढ़ा था, लेकिन काफी समझाने के बाद वह नीचे उतर आया था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यादराम साहू की दो पत्नियां हैं और वह दोनों को एक ही घर में साथ रखना चाहता है। इसी बात को लेकर वह नाराज बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार युवक शराब के नशे में टॉवर पर चढ़ा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक घटना के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस और प्रशासन की टीम युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है। वहीं नीचे उतारने के बाद उसे अस्पताल भेजने की तैयारी भी की जा रही है।