बलरामपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़कों की बदहाल स्थिति अब आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों के लिए भी परेशानी का कारण बन गई है। अंबिकापुर से प्रतापपुर होते हुए सेमरसोत एनएच-343 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की खराब हालत का असर कृषि मंत्री रामविचार नेताम के दौरे पर भी पड़ा। सड़क की बदहाली के चलते वे शिक्षक दिवस कार्यक्रम में करीब दो घंटे देरी से पहुंचे।
सड़क की स्थिति देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई और मौके से ही कलेक्टर से चर्चा कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
बारिश में गड्ढों में भर रहा पानी, बढ़ा हादसे का खतरा
बताया जा रहा है कि बारिश शुरू होने के कुछ महीने पहले ही PWD विभाग की ओर से सड़क पर पेंच रिपेयर का काम कराया गया था। इसके बावजूद कुछ ही समय बाद सड़क की हालत फिर खराब हो गई।
सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में इस मार्ग पर दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
रात में सफर करना हुआ मुश्किल
सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा असर रोजाना आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। दिन के समय वाहन चालक किसी तरह गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात में परेशानी और बढ़ जाती है।
बारिश के पानी से भरे गड्ढे अंधेरे में दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात के समय सफर करना बेहद जोखिम भरा हो गया है।
NH-343 का काम चलने से बढ़ी परेशानी
वर्तमान में बलरामपुर-अंबिकापुर NH-343 का निर्माण कार्य भी चल रहा है। इसके चलते मुख्यालय से अंबिकापुर की ओर आने-जाने के लिए यह PWD मार्ग काफी महत्वपूर्ण हो गया है।
ऐसे में सड़क की खराब हालत ने स्थानीय लोगों और रोजाना यात्रा करने वाले वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ा दी है।
मरम्मत के कुछ महीने बाद ही उखड़ने लगी सड़क
स्थानीय लोगों ने सड़क पर कराए गए पेंच रिपेयर के काम की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि बारिश शुरू होते ही मरम्मत वाले हिस्से फिर उखड़ने लगे और सड़क पर गड्ढों की संख्या बढ़ गई।
लोगों का कहना है कि यदि मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की समय रहते निगरानी की जाती तो सड़क की स्थिति इतनी खराब नहीं होती।
मंत्री ने मौके से कलेक्टर को दिए निर्देश
कृषि मंत्री रामविचार नेताम इसी जर्जर मार्ग से गुजर रहे थे। सड़क की स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और मौके से ही कलेक्टर से चर्चा की।
मंत्री ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मंत्री की नाराजगी के बाद अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार होगा और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।




