प्रतापपुर (धोन्धा)। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने आज धोन्धा-प्रतापपुर में बहुप्रतीक्षित कृषि महाविद्यालय का विधिवत भूमि पूजन किया। इस परियोजना के तहत 889.53 लाख रुपये की लागत से कृषि महाविद्यालय भवन तथा 602.10 लाख रुपये से बालक एवं कन्या छात्रावास भवन का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी देवपाल सिंह पैंकरा, जिला पंचायत सदस्य श्री लवकेश पैंकरा सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
भूमि पूजन के बाद मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि यह दिन धोन्धा-प्रतापपुर और पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है। कृषि महाविद्यालय की स्थापना से आने वाली पीढ़ियों को उच्च कृषि शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस महाविद्यालय के माध्यम से युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीक एवं उन्नत खेती की शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी।
विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने इसे क्षेत्र के लिए स्वप्न साकार होने जैसा बताया। उन्होंने कहा कि अब स्थानीय विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कृषि मंत्री राम विचार नेताम का आभार व्यक्त किया।
कृषि महाविद्यालय की स्थापना से कृषि विज्ञान, उद्यानिकी, पशुपालन और ग्रामीण प्रबंधन जैसे विषयों में उच्च शिक्षा के अवसर मिलेंगे, जिससे क्षेत्र के कृषि विकास और युवाओं के भविष्य को नई दिशा मिलेगी।





