July 31, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में आज भी बारिश के आसार, दक्षिणी जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट; 31 जुलाई से घटेगी बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से पिछले तीन दिनों से अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। कई स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक मौसमी (सब-डिवीजनल) वर्षा सामान्य बनी हुई है, हालांकि यह सामान्य से 6 प्रतिशत कम है। विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। वहीं 31 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के आसार हैं।

बड़े बचेली में सर्वाधिक 19 सेमी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बड़े बचेली में सबसे अधिक 19 सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा रायपुर शहर में 15 सेमी, कोमाखान और गरियाबंद में 14-14 सेमी, ओड़गी और बीजापुर में 13-13 सेमी, बागबाहरा, सुकमा और गोबरा नवापारा में 12-12 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसी तरह मैनपुर, पिथौरा, लाभांडी और कुकरेल में 11-11 सेमी, छुरा, माना, रायपुर एयरपोर्ट, मगरलोड, रुधरी, बेलरगांव और नगरी में 10-10 सेमी वर्षा हुई। वहीं बसना, धमतरी, पलारी, गुरूर, रायपुर, बिहारपुर, गंगालूर, गुंडरदेही और कुरूद में 9-9 सेमी, जबकि बालोद, नरहरपुर, बास्तानार, छिंदगढ़, उसूर, सरायपाली और कोहकामेट में 8-8 सेमी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह के समय तेज धूप देखने को मिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम बदल सकता है।

कमजोर होगा गहरा अवदाब

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका जैसलमेर से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय बनी हुई है, जिससे प्रदेश में नमी और वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। वहीं पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़ तथा उससे लगे विदर्भ और दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर बना गहरा अवदाब अगले 12 घंटे में पश्चिम की ओर बढ़ते हुए कमजोर पड़ सकता है। इसके बाद अगले 24 घंटे में इसके अवदाब में परिवर्तित होकर विदर्भ और दक्षिण मध्यप्रदेश की ओर आगे बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।