नई दिल्ली। जापानी ऑटो कंपनी Honda ने भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल WN7 का डिज़ाइन पेटेंट फाइल किया है, जिससे इसके भारतीय बाजार में जल्द लॉन्च होने की अटकलें तेज हो गई हैं। यह मॉडल कंपनी के ‘EV Fun’ कॉन्सेप्ट का प्रोडक्शन वर्जन माना जा रहा है, जिसे 2024 के अंत में पेश किया गया था।
डिजाइन: फ्यूचरिस्टिक और नेकेड स्ट्रीटफाइटर लुक
पेटेंट के अनुसार Honda WN7 का डिजाइन काफी शार्प और फ्यूचरिस्टिक है। इसमें वर्टिकल LED हेडलाइट्स, चौड़ी DRL और रोबोटिक फ्रंट प्रोफाइल दिया गया है। बाइक में सिंगल-पीस सीट, चौड़े हैंडलबार और गोल बार-एंड मिरर देखने को मिलते हैं, जो इसे प्रीमियम स्ट्रीटफाइटर लुक देते हैं।
पीछे की ओर मोनोकॉक स्टाइल सबफ्रेम और सिंगल-साइडेड स्विंगआर्म इसे और अधिक स्पोर्टी बनाते हैं।
बैटरी और परफॉर्मेंस
इस इलेक्ट्रिक बाइक में 9.3 kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक दिया गया है, जो एक इलेक्ट्रिक मोटर को पावर देता है। यह लगभग 67.57 bhp की पावर और 100 Nm टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी का दावा है कि यह राइडिंग एक्सपीरियंस 600cc स्पोर्ट्स बाइक जैसा महसूस कराती है।
बाइक का वजन लगभग 217 किलोग्राम है और इसमें CCS2 फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है, जिससे यह 30 मिनट से कम समय में 20% से 80% तक चार्ज हो सकती है।
भारत में लॉन्च पर सस्पेंस
हालांकि पेटेंट फाइल होना लॉन्च की पुष्टि नहीं है। यूके मार्केट में इसकी कीमत लगभग £12,999 (करीब ₹16.74 लाख) बताई जा रही है। इसी वजह से माना जा रहा है कि यह भारत में बड़े पैमाने की बाइक नहीं बल्कि ‘टेक शोकेस मॉडल’ के तौर पर आ सकती है।




