दुर्ग। दुर्ग-भिलाई और राजनांदगांव जिले में रविवार को कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। शिवनाथ नदी के सिरसा एनीकट में एक युवक तेज बहाव में बह गया। वहीं दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू के 7 नए मरीज मिलने से एक्टिव मामलों की संख्या 16 हो गई है। भिलाई में युवा कांग्रेस के चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद का वीडियो सामने आया है। इसके अलावा खैरागढ़ में राजा गुरु बालकदास जयंती पर रैली निकाली जाएगी, जबकि राजनांदगांव में परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर नाबालिग छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने के आरोप में शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है।
शिवनाथ नदी में युवक बहा, तलाश जारी
दुर्ग। शिवनाथ नदी के सिरसा एनीकट पर शनिवार शाम एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी शमित मिश्रा के मुताबिक, खुर्सीपार निवासी पांच युवक शनिवार को शिवनाथ नदी एनीकट पर पार्टी मनाने पहुंचे थे। दोपहर में खाना खाने के बाद शाम करीब 6 बजे दो युवक बर्तन धोने नदी किनारे गए थे।
इसी दौरान 26 वर्षीय सत्यदेव महोबिया, निवासी बिहारी मोहल्ला खुर्सीपार, एक गंज में बर्तन धो रहा था। गंज में पानी भरने के कारण उसका वजन बढ़ गया और सत्यदेव का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया। देखते ही देखते वह नदी के तेज बहाव में बह गया।
साथ मौजूद युवक ने शोर मचाकर अपने दोस्तों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने काफी तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। रविवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
दुर्ग में स्वाइन फ्लू के 7 नए मरीज मिले
दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 5 सितंबर को 7 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। सभी मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। इससे पहले 4 सितंबर को भी चार नए मरीज सामने आए थे।
वर्तमान में जिले में 16 एक्टिव मरीज हैं। इनमें 9 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 7 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।
नए पॉजिटिव केस सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। जिले में स्वाइन फ्लू के लिए 23 आइसोलेशन वार्ड और 158 बेड आरक्षित किए गए हैं।
वर्तमान 16 मरीजों में 4 का इलाज स्पर्श हॉस्पिटल, 4 का हाईटेक हॉस्पिटल और एक मरीज का इलाज पल्स अस्पताल भिलाई में चल रहा है। सात मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 5 अगस्त से अब तक कुल 33 स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें से 17 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।
युवा कांग्रेस चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों में विवाद
भिलाई। युवा कांग्रेस चुनाव प्रचार के दौरान दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष यूथ कांग्रेस से जुड़ी बैठक और चुनाव प्रचार के लिए खुर्सीपार पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत एक-दूसरे को कोहनी लगने की बात को लेकर हुई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और झूमाझटकी तक पहुंच गया।
एक पक्ष से भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रॉबिन सिंह के भाई रोहन सिंह मौजूद थे, जबकि दूसरे पक्ष से प्रत्याशी अर्जुन शर्मा के भाई शुभम शर्मा वहां मौजूद थे। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया।
वायरल वीडियो में एक युवक कांग्रेस पार्षद सुभ्रदा सिंह पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए भी सुनाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
राजा गुरु बालकदास जयंती पर आज निकलेगी रैली
खैरागढ़। सतनाम पंथ के संत एवं समाज सुधारक गुरु घासीदास के द्वितीय पुत्र शूरवीर राजा गुरु बालकदास की जयंती के अवसर पर रविवार 6 सितंबर को खैरागढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे पंथी पार्टी एवं समाजसेवी सम्मान समारोह से होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे नगर भ्रमण रैली निकाली जाएगी।
रैली में राजा गुरु बालकदास की झांकी के साथ जैतखाम की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा डीजे, पंथी नृत्य और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और संत परंपरा से जुड़े संदेशों को लोगों तक पहुंचाना है। समारोह में समाज के पदाधिकारी, संत-महंत और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे।
स्कूल गेट पर नींबू-मिर्ची मिलने से मचा हड़कंप
जालबांधा। ग्राम पंचायत बिजेतला के शासकीय प्राथमिक स्कूल के मुख्य गेट पर शिक्षक दिवस के दिन नींबू-मिर्ची बंधी मिलने के बाद बच्चों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने की मांग की है। स्कूल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद कथित तौर पर उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था काम नहीं करने की बात सामने आई है। इससे स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अभिभावकों और ग्रामीणों ने सीसीटीवी कैमरों की तकनीकी जांच कराने और रिकॉर्डिंग व्यवस्था तत्काल शुरू करने की मांग की है। साथ ही मुख्य गेट पर नींबू-मिर्ची बांधने की घटना की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल बच्चों के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण वाला स्थान होना चाहिए। किसी भी ऐसी घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जानी चाहिए।
परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर नाबालिग पर दबाव, शिक्षक गिरफ्तार
राजनांदगांव। परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर नाबालिग छात्रा पर कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने के मामले में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले का एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
गैंदाटोला थाना प्रभारी राजेश साहू के अनुसार, नाबालिग छात्रा को करीब दो साल पहले विज्ञान विषय में पूरक परीक्षा की पात्रता मिली थी। इसी दौरान उसकी पहचान रमीश कुरैशी से हुई, जिसने उसे परीक्षा में पास कराने का आश्वासन दिया।
आरोप है कि इसके बाद उसकी पहचान विज्ञान विषय के शिक्षक तिलक यादव (48 वर्ष) से हुई। छात्रा ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने परीक्षा में पास कराने का आश्वासन देकर उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। इससे छात्रा मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
वहीं छात्रा की ओर से रमीश कुरैशी के खिलाफ मोबाइल पर अश्लील कमेंट करने की शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस के मुताबिक रमीश फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।





