July 23, 2026

NEET प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में बवाल, पुलिस पर पथराव; आंसू गैस छोड़कर भीड़ को किया गया नियंत्रित

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामले को लेकर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन के दौरान गुरुवार को माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसके बाद सुरक्षाबलों पर पथराव किया गया। घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।

पुलिस के अनुसार, टॉलस्टॉय मार्ग के पास रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और दिल्ली पुलिस की टीम रोजाना की तरह सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थी। इसी दौरान प्रदर्शन कर रही भीड़ के एक हिस्से ने अचानक पुलिस पर बड़े-बड़े पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पुलिस का दावा है कि कुछ लोगों के हाथों में डंडे भी थे, जिनका इस्तेमाल सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने के लिए किया गया।

स्थिति बिगड़ने पर RAF और दिल्ली पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस ने 2 से 3 आंसू गैस के गोले भी छोड़े, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया।

घटना ऐसे समय हुई जब संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष ने ‘ब्लैक वेडनेसडे’ मनाते हुए छात्रों के समर्थन में काले कपड़े पहनकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है।