September 4, 2026

शराब पीने से रोका तो भड़का पति, पत्नी के सिर पर हथौड़े से किए ताबड़तोड़ वार; आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र से घरेलू विवाद का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब पीने से मना करने पर नशे में धुत पति ने पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

शराब पीने से मना करने पर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर की रात ग्राम भैंसमुंडी निवासी 36 वर्षीय चम्मन लाल साहू शराब के नशे में घर पहुंचा था। उसकी पत्नी किरण साहू ने शराब पीने से मना किया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में लोहे का हथौड़ा उठाया और पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला घायल होकर गिर गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंची महिला

परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

हथौड़ा बरामद, आरोपी जेल भेजा गया

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका नक्शा तैयार किया और परिजनों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। पूछताछ के बाद आरोपी चम्मन लाल साहू की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे का हथौड़ा बरामद कर जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। वहीं घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।