सुकमा। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ को प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार ए.आर. रहमान का भी समर्थन मिला है। सुकमा पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में पुलिस की ओर से की गई विशेष अपील के बाद ए.आर. रहमान ने साइबर जागरूकता को लेकर एक वीडियो संदेश जारी किया है।
ए.आर. रहमान ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
वीडियो संदेश के जरिए ए.आर. रहमान ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने की अपील की।
उन्होंने ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करने का संदेश दिया। पुलिस का मानना है कि ए.आर. रहमान जैसे लोकप्रिय कलाकार की अपील से साइबर जागरूकता का संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहा अभियान
छत्तीसगढ़ पुलिस और राज्य शासन की पहल पर 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम लोगों को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सुकमा पुलिस चला रही जन-जागरूकता अभियान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में सुकमा पुलिस द्वारा अभियान के तहत विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
पुलिस का लक्ष्य अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना है।
सुकमा पुलिस की लोगों से अपील
सुकमा पुलिस ने नागरिकों से साइबर ठगी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
- OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
- किसी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें।
- ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतें।
- साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
- सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं और दूसरों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।
पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि “साइबर जागरूक बनें, सुरक्षित डिजिटल भविष्य से जुड़ें।”




