रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। टर्फ और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के प्रभाव से प्रदेशभर में बादल गरजने के साथ बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर में सुबह से काले बादल छाए रहे और मानसून जैसी झमाझम बारिश देखने को मिली। तेज हवाओं और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
रायपुर में सुबह करीब 8 बजे के बाद मौसम अचानक बदल गया। आसमान में घने बादल छा गए और गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत महसूस की।
बलौदा बाजार में देर रात आए आंधी-तूफान का असर सुबह तक देखने को मिला। जिला मुख्यालय के कई इलाकों में बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। सुबह दुकान और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगरपालिका की टीम रास्ता साफ करने में जुटी रही, जबकि कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था भी बाधित हो गई।
महासमुंद जिले में देर रात से तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। पिथौरा क्षेत्र में सुबह से गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई, जिससे गांवों की गलियां पानी से भर गईं। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी जानकारी सामने आई है।
वहीं रायगढ़ में भी सुबह से बादल छाए रहने के बाद बारिश शुरू हो गई। गरज-चमक के साथ हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। धमतरी में भी तेज आंधी-तूफान और बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। दूसरी ओर बिलासपुर में सुबह अंधड़ और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था ठप हो गई।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज आंधी और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, जशपुर और सूरजपुर जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।





