Mungeli। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने और दुष्कर्म करने वाले आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है।
मामला चिल्फी थाना क्षेत्र की चौकी डिंडौरी का है। जानकारी के अनुसार 13 मई को पीड़िता के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Bhojram Patel ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम तकनीकी सहायता और मुखबिरों की मदद से आरोपी और नाबालिग की तलाश में जुट गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम लीलापुर में दबिश दी, जहां से आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील के कब्जे से नाबालिग लड़की को बरामद किया गया।
पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





