May 13, 2026

दुर्ग में सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, घरेलू सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन व औजार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड निवासी सिम्मी अहिरवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अप्रैल की रात अज्ञात चोर उनके सूने मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी में रखे लाखों रुपये नगदी एवं चांदी के सामान चोरी कर ले गए।

इसी तरह हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी देव सिंह थापा ने भी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि परिवार सहित विवाह कार्यक्रम में बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला और आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और घरेलू सामान पार कर दिया।

दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। एसीसीयू और थाना जामुल की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आदतन आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा उर्फ सुखविंदर उर्फ सरदार को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा, सोनू सरदार उर्फ पुच्ची, तोप सिंह बंजारे, शेख रशीद, हेमा जांगड़े, रूबी कौर और एक नाबालिग शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की अंगूठी, हार, लॉकेट, कान की बाली, चांदी की पायल, बिछिया, कड़ा, चेन, सिक्का, चांदी का लोटा, एलसीडी टीवी, वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा और दरवाजा तोड़ने में इस्तेमाल किए गए औजार जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।