March 3, 2026

धान की अंतर राशि पर सियासत तेज, अरुण साव का कांग्रेस पर पलटवार

रायपुर। रायपुर में धान की अंतर राशि को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा इसे किसानों को प्रति एकड़ 3000 रुपये का “चूना” बताए जाने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा पलटवार किया है।

अरुण साव ने कहा कि जिस पार्टी ने किसानों को ठगा, वह किस मुंह से सवाल उठा रही है। कांग्रेस ने दो साल का बोनस देने का वादा किया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कृषक उन्नत योजना के तहत धान खरीदी के बाद अंतर राशि एकमुश्त किसानों को दी है।


राज्यसभा प्रत्याशी चयन पर बयान

छत्तीसगढ़ से भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी में चयन प्रक्रिया जारी है और निर्धारित समय पर नाम घोषित किया जाएगा। स्थानीय प्रत्याशी की मांग पर साव ने कहा कि योग्य और सक्रिय कार्यकर्ता को ही मौका मिलेगा, अंतिम निर्णय पार्टी का पार्लियामेंट बोर्ड करता है।


असम में चुनावी जिम्मेदारी

असम चुनाव को लेकर अरुण साव ने बताया कि उन्हें असम के लखीमपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता देशभर में पार्टी के निर्देशानुसार काम करते हैं और असम में इस बार “इतिहास बनने” वाला है।

धान की अंतर राशि को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज होती जा रही है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गर्माने की संभावना है।