July 25, 2026

महामाया पहाड़ पर युवती का कंकाल मिलने से सनसनी, पेड़ से लटका मिला शव; पहचान में जुटी पुलिस

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित महामाया पहाड़ पर शनिवार को एक युवती का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। शव का कुछ हिस्सा पेड़ से लटका हुआ मिला, जबकि धड़ नीचे पड़ा था। घटनास्थल से कपड़े, ब्रेसलेट और कुछ दवाइयां भी बरामद हुई हैं। फिलहाल पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, महामाया पहाड़ पर गश्त के दौरान एक वनकर्मी ने पेड़ से लटका पुराना शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव की स्थिति को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार, शव काफी हद तक सड़-गल चुका है। कपड़ों के आधार पर प्रथम दृष्टया शव किसी युवती का माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। वहीं, मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।