May 16, 2026

भानुप्रतापपुर में सेकंड हैंड ट्रक फाइनेंस के नाम पर लाखों की ठगी, फाइनेंस मैनेजर गिरफ्तार

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में सेकंड हैंड ट्रक फाइनेंस के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी के एक ब्रांच मैनेजर पर लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला

भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के हरहरपानी निवासी सुनीता यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने सेकंड हैंड ट्रक चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी की नारायणपुर ब्रांच के मैनेजर संजय भास्कर तिवारी के माध्यम से खरीदा था।

ट्रक की कीमत करीब 29 लाख 42 हजार रुपए बताई गई थी, लेकिन आरोपी मैनेजर ने 36 लाख रुपए का फाइनेंस कराने और जमानतदार की व्यवस्था कराने का झांसा देकर पीड़िता से अलग-अलग तारीखों में कुल 9 लाख 35 हजार 838 रुपए जमा करवा लिए।

दस्तावेजों में गड़बड़ी का खुलासा

बाद में जब वाहन का सत्यापन कराया गया तो पता चला कि ट्रक का चेचिस नंबर ही मौजूद नहीं है और वाहन का नामांतरण भी पीड़िता के नाम पर नहीं किया गया था। शिकायत में यह भी आरोप है कि वाहन के दस्तावेजों में हेरफेर कर धोखाधड़ी की गई।

ट्रक भी कब्जे में लिया

पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने पहले ट्रक बेचकर रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वही ट्रक अपने कब्जे में लेकर चला गया।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की जांच के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस ने आरोपी ब्रांच मैनेजर संजय भास्कर तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस ठगी में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।