May 28, 2026

तखतपुर में भीषण सड़क हादसा, एडिशनल एसपी के चाचा की मौके पर मौत

Takhatpur। नगर के मुख्य मार्ग बेलसरी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एडिशनल एसपी के चाचा की मौत हो गई। तेज रफ्तार सवारी बस और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में 42 वर्षीय बृजराज उर्फ गोविंद महादेवा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक ग्राम लीदरी निवासी बृजराज उर्फ गोविंद महादेवा किसी निजी काम से तखतपुर आ रहे थे। इसी दौरान बेलसरी मुख्य मार्ग के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार सवारी बस से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराने के लिए सड़क को खाली कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।