सरगुजा। अंबिकापुर स्थित आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों का आक्रोश सामने आया है। विद्यालय में पढ़ाई और मूलभूत सुविधाओं में कथित अव्यवस्थाओं से नाराज सैकड़ों छात्र शनिवार को करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
छात्रों ने स्कूल प्रबंधन और विभागीय अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विद्यालय में कोचिंग के लिए पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
भोजन व्यवस्था को लेकर भी छात्रों ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान बेहतर और स्वादिष्ट भोजन परोसा जाता है, जबकि सामान्य दिनों में उन्हें खराब गुणवत्ता का भोजन और चावल दिया जाता है। छात्रों ने कहा कि उनकी शिकायतों पर ध्यान देने के बजाय अधिकारी केवल औपचारिक निरीक्षण कर लौट जाते हैं।
इसके अलावा छात्रों ने बाल कटिंग सहित अन्य सुविधाओं में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया। उनका कहना है कि विद्यालय में कई आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा की। सहायक आयुक्त ललित शुक्ला ने छात्रों की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
प्रयास आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों के इस विरोध प्रदर्शन ने आदिवासी विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच और व्यवस्थाओं में सुधार का दावा किया जा रहा है।





