May 16, 2026

रायगढ़ में महिला वकील हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी ने की थी गला दबाकर हत्या

रायगढ़। जिले के तुमीडीह क्षेत्र में हुए चर्चित महिला वकील हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी को सक्ती से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन आरोपी के पहले से शादीशुदा होने के कारण दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, विवाद और दबाव से परेशान होकर आरोपी ने महिला वकील की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में साक्ष्य छिपाने का भी प्रयास किया। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

इस घटना को लेकर जिले में भारी आक्रोश देखने को मिला था। अधिवक्ताओं ने न्याय की मांग को लेकर मौन जुलूस निकालकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था।

आरोपी ने स्वीकार की वारदात

पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी लोकनाथ पटेल ने बताया कि उसने अपनी शादीशुदा स्थिति की बात प्रेमिका से छुपाई थी। बाद में व्हाट्सएप डीपी में पत्नी की फोटो देखने के बाद विवाद बढ़ गया।

आरोपी के अनुसार, मृतका उसे लगातार धमकाती और प्रताड़ित करती थी। विवाद बढ़ने पर उसने हत्या की योजना बनाई। घटना से एक दिन पहले वह उसे सक्ती लेकर गया और होटल में ठहरकर समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।

इसके बाद अगले दिन उसे तुमीडीह के जंगल में ले जाकर पहले गला दबाया और फिर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।