May 14, 2026

तखतपुर के हरदी में सुशासन तिहार शिविर में उठी शराब दुकान खोलने की मांग, ग्रामीणों ने सौंपा आवेदन

तखतपुर। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरदी में एक अनोखी मांग सामने आई। जिला स्तरीय शिविर में ग्रामीणों ने क्षेत्र में शासकीय देशी एवं अंग्रेजी शराब दुकान खोलने की मांग उठाई है।

क्या है पूरा मामला ?
ग्राम पंचायत हरदी में आयोजित शिविर के दौरान ग्राम पंचायत सोनबंधा के सरपंच प्रतिनिधि विवेकानंद दिवाकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवेदन सौंपते हुए शासन से क्षेत्र में शराब दुकान खोलने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से शराब की बिक्री हो रही है, खासकर कच्ची महुआ शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध शराब के निर्माण में केमिकल का उपयोग किए जाने की आशंका है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसी कारण वैध और नियंत्रित व्यवस्था के तहत शराब दुकान खोलने की मांग की गई है।

15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है शराब लेने
सरपंच प्रतिनिधि विवेकानंद दिवाकर ने बताया कि वर्तमान में स्थानीय लोगों को शराब खरीदने के लिए 10 से 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में शासकीय शराब दुकान खोली जाती है तो लोगों को निर्धारित दर पर शराब उपलब्ध होगी और अवैध कारोबार पर भी रोक लग सकेगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए हरदी में जल्द से जल्द शासकीय देशी एवं अंग्रेजी शराब दुकान खोलने की स्वीकृति दी जाए।