April 15, 2026

वेदांता पावर प्लांट हादसा: साय सरकार के मंत्रियों का बयान, जांच के आदेश के बाद सियासत तेज

रायपुर। सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर राज्य सरकार के मंत्रियों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। मंत्रियों ने इस घटना को अत्यंत दुखद और दर्दनाक बताया है और कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, लेकिन कांग्रेस इस पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में राजनीतिक बयानबाजी उचित नहीं है और यह विपक्ष की सोच को दर्शाता है।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कंपनियों की नियमित जांच व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता है और वे इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जांच केवल रेंडम या शिकायत के आधार पर होती है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की है और कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फैक्ट्री एक्ट के तहत भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है और राज्य एवं केंद्र सरकार दोनों प्रभावितों के साथ खड़ी हैं।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उनके अनुसार इस घटना में 14 लोगों की मृत्यु और 35 लोग घायल हुए हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार ने दंडाधिकारी जांच के आदेश दिए हैं और घायलों तथा मृतकों के परिजनों को राहत पैकेज प्रदान किया गया है। उन्होंने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि सभी को मिलकर पीड़ितों के साथ खड़ा होना चाहिए।