जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड में बुधवार देर रात बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। कंपनी के आईएफडी स्थित 15 टन ओल्ड शेड में फर्नेस क्रमांक D-1 के पंचर हो जाने से वहां कार्यरत तीन ठेका मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 बजे की है। फर्नेस पंचर होने के कारण निकली गर्म सामग्री की चपेट में आने से तीनों श्रमिक बर्न इंजरी का शिकार हो गए। हादसे के तुरंत बाद घायलों को कंपनी के व्यावसायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कंपनी की एंबुलेंस से जवाहरलाल नेहरू अस्पताल, सेक्टर-9, भिलाई रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान गेंद राम पटेल, नर्मदा प्रसाद पटेल (दोनों निवासी पलारी खुर्द) और पंचराम यादव (निवासी चांपा) के रूप में हुई है। तीनों मेसर्स अनमोल यादव के अधीन ठेका श्रमिक के रूप में पेंचिंग बारी मैन के पद पर कार्यरत थे।
घटना के बाद कंपनी प्रबंधन ने इसकी सूचना चांपा थाना पुलिस को दे दी। पुलिस को भेजी गई जानकारी में बताया गया कि फर्नेस क्रमांक D-1 के पंचर होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें तीनों श्रमिक झुलस गए।
सूचना मिलने के बाद चांपा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन की भी पड़ताल की जा रही है।





