रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने प्रदेश में सदस्यता अभियान को तेज कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने बताया कि 23 जुलाई से शुरू हुआ सदस्यता अभियान 20 सितंबर तक चलेगा, जिसके तहत डेढ़ से दो लाख युवाओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अभियान को युवाओं का अच्छा समर्थन मिल रहा है और शुरुआती सात दिनों में ही 18 हजार से अधिक युवा भाजपा युवा मोर्चा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं।
प्रेसवार्ता में राहुल टिकरिहा ने बताया कि आठ वर्षों बाद भाजयुमो का सदस्यता अभियान शुरू किया गया है। इस बार सदस्यता प्रक्रिया को पूरी तरह निःशुल्क और डिजिटल बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक युवा आसानी से संगठन से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र के युवाओं ने अभियान में विशेष उत्साह दिखाया है और बड़ी संख्या में सदस्यता ली है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए सदस्यता अभियान की शुरुआत दंतेवाड़ा से की गई। उनका कहना था कि सरकार के प्रयासों से नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है, इसलिए अभियान के लिए बस्तर के कई पूर्व नक्सल प्रभावित इलाकों को भी शामिल किया गया है। संगठन का उद्देश्य इन क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सहभागी बनाना है।
राहुल टिकरिहा ने कहा कि अगस्त के पहले सप्ताह से सरगुजा संभाग के सभी जिलों में भी सदस्यता अभियान को गति दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर संगठन अपने लक्ष्य को हासिल करेगा और बड़ी संख्या में युवा भाजपा युवा मोर्चा से जुड़कर संगठन को मजबूत करेंगे।




