July 30, 2026

पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, बालोद पुलिस ने पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुरानी रंजिश के चलते युवक की पिटाई कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला देवरी थाना क्षेत्र के खैरा गांव का है। 28 जुलाई को गांव के निवासी हिरामन सिंह (51), पिता बनवारी राम सिन्हा और उसके पुत्र कामेंद्र सिन्हा (26) ने पुरानी रंजिश के चलते हितेश सिन्हा पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

हमले में हितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर में 20 से अधिक जगह फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। घायल अवस्था में उसे पहले देवरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार को गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।