July 28, 2026

CG Morning News: सीएम साय आज कबीरधाम दौरे पर, रायपुर में पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, कांकेर जाएंगे स्वास्थ्य मंत्री

रायपुर।

छत्तीसगढ़ में आज राजनीतिक, खेल और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कई अहम कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कबीरधाम जिले के दौरे पर रहेंगे और भोरमदेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वहीं रायपुर में पहली बार राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन होगा। दूसरी ओर, कांकेर में सेरेब्रल मलेरिया के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल हालात का जायजा लेने पहुंचेंगे।

सीएम साय का कबीरधाम दौरा, शाम को स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 9:30 बजे रायपुर से रवाना होकर 10:50 बजे भोरमदेव मंदिर पहुंचेंगे, जहां पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:50 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे। शाम 4:30 बजे रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5:30 बजे एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव

रायपुर में आज सुबह 11 बजे एक निजी होटल में पहली बार राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ खेल मंत्री अरुण साव करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे। कॉन्क्लेव में प्रदेश के प्रमुख खिलाड़ी, खेल संघों के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों के विकास और नई खेल नीति जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। साथ ही खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।

कांकेर में मलेरिया के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य मंत्री का दौरा

कांकेर जिले में सेरेब्रल (मस्तिष्क) मलेरिया के बढ़ते मामलों और दो बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। कई बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि दो गंभीर मरीजों को रायपुर रेफर किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज कांकेर पहुंचकर हालात की समीक्षा करेंगे और बस्तर संभाग के सभी सीएमएचओ की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

  • बच्चों की स्वास्थ्य जांच शिविर
    स्थान: हाईटेक आंगनबाड़ी, टाटीबंध
    समय: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
  • सिद्ध चक्र महामंडल विधान
    स्थान: श्रीमुनि सुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट, अमलतास केसल, कचना
    समय: सुबह 10:00 बजे से