July 28, 2026

CG News: भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट की बढ़ी उम्मीद, रक्षा मंत्री ने जांच का दिया भरोसा

रायपुर। भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ की स्थापना की मांग को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भेजे गए पत्र का जवाब आ गया है। रक्षा मंत्री ने अपने जवाब में बताया है कि इस प्रस्ताव की जांच कराई जा रही है।

रक्षा मंत्री ने दिया जवाब

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने पत्र में लिखा है कि उन्हें उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट के गठन का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव की जांच कराई जा रही है।

विजय शर्मा ने पत्र में रखी थी यह मांग

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 26 जून को रक्षा मंत्री को भेजे पत्र में कहा था कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बस्तर संभाग के युवाओं ने वर्षों से नक्सल विरोधी अभियानों में वीरता, साहस और कठिन परिस्थितियों में काम करने की अपनी क्षमता साबित की है। उन्होंने तर्क दिया कि गुरिल्ला युद्ध और दुर्गम इलाकों में कार्य करने का अनुभव रखने वाले इन युवाओं के लिए भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट का गठन राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय विकास और सामाजिक स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर रेजिमेंट बनने से क्षेत्र के युवाओं को सेना में सेवा का बेहतर अवसर मिलेगा, साथ ही क्षेत्र में गौरव, अनुशासन और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री साय ने जताई उम्मीद

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बस्तर रेजिमेंट की मांग उठाई थी और अब रक्षा मंत्री की ओर से सकारात्मक जवाब मिला है। उन्होंने कहा कि यदि यह प्रस्ताव साकार होता है तो इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और भारतीय सेना में सेवा का बेहतर अवसर मिलेगा।