July 27, 2026

रायपुर निगम की जोन-4 बैठक में गरमाया माहौल, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने अधिकारियों को लगाई फटकार

रायपुर। नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक-4 में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जलभराव और जनसमस्याओं को लेकर माहौल गर्मा गया। महापौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की कमी का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि केवल बैठकों और कागजों में काम दिखाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि अधिकारियों को मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करना चाहिए।

बैठक में जोन के अधिकारी, विभिन्न वार्डों के पार्षद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि जोन अध्यक्ष और जोन कमिश्नर के बीच भी अपेक्षित समन्वय नजर नहीं आ रहा है। वहीं, पार्षद लगातार शिकायत कर रहे हैं कि अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।

जलभराव के मुद्दे पर अधिकारियों से मांगा जवाब

आकाश तिवारी ने अपने वार्ड में जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों से समाधान और मौके की स्थिति की जानकारी मांगी। उनका आरोप था कि अधिकारियों ने संतोषजनक जवाब देने के बजाय गोलमोल जानकारी दी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अधिकारियों को केवल रिपोर्ट के भरोसे नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए।

जनता की समस्याओं के समाधान पर दिया जोर

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जलभराव जैसी समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए और इसके लिए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्डों की जमीनी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह होकर कार्य करना होगा। बैठक के दौरान उनके तीखे तेवरों से माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया।