July 28, 2026

स्मार्ट मीटर को कांग्रेस ने दिया ‘महतारी वंदन वसूली योजना’ का नाम, बिजली बिल बढ़ने पर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

रायपुर।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर को नया नाम देते हुए इसे “महतारी वंदन वसूली योजना” बताया। इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के जरिए आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।

विकास उपाध्याय ने कहा कि हर परिवार का एक तय मासिक बजट होता है। 10 से 15 हजार रुपये मासिक आय वाले लोग इसी आय से घर का राशन, किराया, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्च पूरे करते हैं। ऐसे में पहले जहां बिजली बिल 1000 से 1500 रुपये आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल कई गुना बढ़कर 5 से 7 हजार रुपये तक पहुंच रहा है। इससे परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ रहा है और लोगों को कर्ज लेने तक की नौबत आ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 1000 रुपये देकर उसकी कई गुना वसूली बढ़े हुए बिजली बिल के माध्यम से कर रही है। इसी विरोध के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने स्मार्ट मीटर का प्रतीकात्मक नामकरण “महतारी वंदन वसूली योजना” किया। उपाध्याय ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी पहले से ही महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन चला रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों की सहमति से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन पत्र भी भरवा रहे हैं।

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

विकास उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरप्लस बिजली उत्पादन वाला राज्य होने के बावजूद जनता को महंगी बिजली का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं से अधिक वसूली कर निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। साथ ही भाजपा सरकार पर बढ़े हुए बिजली बिल से मिलने वाली राशि का राजनीतिक उपयोग करने का भी आरोप लगाया।

स्मार्ट मीटर से बढ़ी उपभोक्ताओं की परेशानी

उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश के बिजली उपभोक्ता पहले से ही महंगी बिजली दर, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिल, लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हाफ योजना समाप्त होने के बाद आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

कांग्रेस सरकार की योजनाओं का किया जिक्र

पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बिजली बिल हाफ योजना से प्रदेश के लाखों परिवारों को राहत मिली थी और पांच वर्षों में उपभोक्ताओं की अच्छी-खासी बचत हुई। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन का समर्थन करें।

विरोध प्रदर्शन में विकास उपाध्याय के साथ प्रमोद चौबे, प्रकाश जगत, अशोक ठाकुर, मनोज पटनायक, दिनेश मिश्रा, रवि विभार, दिलीप नाग, रिजवान मोहम्मद, आजाद वर्मा, विद्या बाग, मीत गोपाल, नवीन मोगराज, चंदन बारीक, रेहान, पिंकी नायक, पीयूष इंगले, ईशान, दिव्यांश शर्मा, देवेंद्र साहू, संतोषी नाग, शंकर सोना, दीपक कठोड़ और दीप मोगराज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।