कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से राजनीति का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भाजपा नेता की हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी अब उसी सीट से चुनाव मैदान में उतर गया है, जो हत्या के बाद खाली हुई थी। इस घटनाक्रम ने पूरे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।
मामला पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र की बिझरा सीट का है। हत्या के आरोपी मुस्ताक अहमद को सोमवार को बिलासपुर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन दाखिल कराने लाया गया। हथकड़ियों में पुलिस सुरक्षा के बीच पहुंचे मुस्ताक ने जनपद सदस्य पद के लिए अपना नामांकन पत्र जमा किया।
जानकारी के अनुसार, 23 दिसंबर को ग्राम केशलपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उन पर कुल्हाड़ी और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। पुलिस जांच में राजनीतिक रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना गया था। मामले में मुस्ताक अहमद को मुख्य आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल जेल में बंद है।
अक्षय गर्ग की हत्या के बाद बिझरा जनपद पंचायत सीट रिक्त हो गई थी, जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की घोषणा की। नामांकन के अंतिम दिन अचानक जेल वैन पहुंचने से इलाके में हलचल मच गई। लोग उस समय हैरान रह गए, जब हत्या के आरोपी मुस्ताक अहमद ने उसी सीट से चुनाव लड़ने के लिए अपना पर्चा भर दिया, जो अक्षय गर्ग की मौत के बाद खाली हुई थी।
घटना के बाद बिझरा और आसपास के क्षेत्रों में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। स्थानीय लोगों के बीच मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।





