बिलासपुर। बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) परिसर में होली मिलन कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। ब्रदरहुड पैनल द्वारा आयोजित ‘रंग बरसे 0.5’ कार्यक्रम में अचानक विवाद बढ़ गया और छात्र आपस में भिड़ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
सोमवार को ऑडिटोरियम के सामने तेज आवाज में साउंड सिस्टम के साथ रंग-गुलाल का कार्यक्रम चल रहा था। छात्र-छात्राएं डांस कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ छात्र नशे में थे और आपस में शर्ट तक फाड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। विवाद बढ़ते देख अन्य छात्र इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही किसी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
चार दिन पहले भी हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि चार दिन पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा आयोजित होली कार्यक्रम में भी छात्रों के बीच मारपीट हुई थी।
कुछ छात्रों का कहना है कि लगातार हो रहे आयोजनों में नशा और प्रबंधन की उदासीनता विवाद की बड़ी वजह बन रही है। उनका आरोप है कि पहले कार्यक्रम में हुए विवाद के बाद प्रशासन को दोबारा अनुमति देने से पहले सख्ती बरतनी चाहिए थी।
लगातार दूसरी बार हुए विवाद के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।





