रायपुर। प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के धरने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के खम्हारडीह थाना के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग है कि उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर तत्काल वापस ली जाए और भाजपा नेताओं पर भी मामला दर्ज किया जाए।
थाने के बाहर शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के धरने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया था। इस दौरान हुए प्रदर्शन में कथित उग्रता के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। इसी कार्रवाई के विरोध में दीपक बैज अपने समर्थकों के साथ खम्हारडीह थाने पहुंचे और एफआईआर निरस्त करने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर कांग्रेस ने थाने के बाहर टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
‘FIR वापस नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई करवा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बेवजह निशाना बनाया गया है और जब तक उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली जाती, तब तक धरना जारी रहेगा।
भाजपा नेताओं पर भी कार्रवाई की मांग
दीपक बैज ने भाजपा के प्रदर्शन को कांग्रेस मुख्यालय पर हमला बताते हुए कहा कि पुलिस ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मांग की कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाए। कांग्रेस का कहना है कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और कार्रवाई भी निष्पक्ष होनी चाहिए।





