रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में आज राजनीतिक, धार्मिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन है। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और कृषि मंत्री रामविचार नेताम अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके अलावा संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी से लाया गया पवित्र माटी और जल का कलश भी रायपुर पहुंचेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11 बजे नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ के विकास, केंद्र की विभिन्न योजनाओं, अधोसंरचना परियोजनाओं और राज्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
PCC चीफ दीपक बैज की प्रेस कॉन्फ्रेंस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज दोपहर 12:30 बजे रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वे प्रदेश के समसामयिक राजनीतिक मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर कांग्रेस का पक्ष रख सकते हैं। प्रेस वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम पेश करेंगे विभाग का रिपोर्ट कार्ड
कृषि मंत्री रामविचार नेताम आज दोपहर 12 बजे नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस अवसर पर कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी भी मौजूद रहेंगे। प्रेस वार्ता में कृषि, किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, पशुधन विकास, मत्स्यपालन और उद्यानिकी विभाग की योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी जाएगी।
वाराणसी से पवित्र माटी और जल का कलश पहुंचेगा रायपुर
संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा के ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से लाया गया पवित्र माटी और जल का कलश आज रायपुर पहुंचेगा। दोपहर 1 बजे श्री राम मंदिर में साधु-संतों की मौजूदगी और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष कलश पूजन किया जाएगा। इसके बाद पवित्र कलश प्रदेश के सभी संगठन जिलों में भेजे जाएंगे। आगामी 4 अगस्त को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को कलश वितरित किए जाएंगे, जिसके बाद यह अभियान प्रदेश के 479 मंडलों तक पहुंचेगा।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
- टेंट एंड डेकोर एक्सपो
- आयोजक: छत्तीसगढ़ टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन
- स्थान: अमुनिया बैंक्वेट हॉल, रायपुर
- समय: सुबह 10:00 बजे से
- पौधारोपण कार्यक्रम
- आयोजक: महाराष्ट्र मंडल, रायपुर
- स्थान: सत्य साई हॉस्पिटल परिसर, नवा रायपुर
- समय: सुबह 11:00 बजे से





