July 27, 2026

लोरमी की निर्माणाधीन सड़क पर हादसों का खतरा, डिप्टी सीएम अरुण साव ने तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश

मुंगेली। लोरमी विधानसभा क्षेत्र से राहत भरी खबर सामने आई है। बारिश के बीच निर्माणाधीन मुख्य सड़क पर बढ़ते हादसों के खतरे को देखते हुए उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण साव ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को तत्काल सड़क की मरम्मत कराने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।

70.48 करोड़ की लागत से बन रही सड़क

लोरमी का मुख्य मार्ग, जिसे क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है, का निर्माण कार्य ₹70.48 करोड़ (7048.35 लाख रुपये) की लागत से किया जा रहा है। हालांकि मानसून शुरू होने के बाद निर्माणाधीन हिस्सों में कीचड़, गड्ढों और गिट्टी के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवाजाही जोखिम भरी हो गई है।

पहले भी हो चुका है हादसा

कुछ दिन पहले इसी निर्माणाधीन सड़क पर स्कूली बच्चों से भरी एक ई-रिक्शा गड्ढे में असंतुलित होकर पलट गई थी। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। इस घटना के बाद सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे।

डिप्टी सीएम ने दिए सख्त निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क के गड्ढों को तत्काल भरकर आवागमन सुगम बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य अपनी जगह है, लेकिन बरसात के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन ने तेज किया मरम्मत कार्य

उप मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन और निर्माण एजेंसी ने सड़क के प्रभावित हिस्सों की अस्थायी मरम्मत और सुधार कार्य तेज कर दिया है। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों ने सड़क की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेने और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया है।